मिशन सेफ फ्यूचर: 36 स्कूल वाहन चालकों का हुआ स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण

मिशन सेफ फ्यूचर: 36 स्कूल वाहन चालकों का हुआ स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण

एआरटीओ कार्यालय परिसर में लगा हेल्थ कैंप, चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच और पुलिस सत्यापन कराने के दिए निर्देश

कासगंज, 20 अगस्त 2026। सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत गुरुवार को सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर में स्कूल वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 36 स्कूल वाहनों के चालकों ने भाग लिया।

स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित कैंप में स्कूल वाहन चालकों के स्वास्थ्य और नेत्रों की जांच की गई। अधिकारियों ने चालकों को वाहन संचालन के दौरान अपनी शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।

कार्यक्रम में उप परिवहन आयुक्त, आगरा परिक्षेत्र विदिशा सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी दिनेश कुमार एवं दीपक कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्कूल वाहनों के चालकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था में उनकी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्र ने सभी स्कूल वाहन चालकों को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर अपने स्वास्थ्य और नेत्रों का परीक्षण कराते रहें, ताकि वाहन चलाते समय किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।

इसके साथ ही स्कूल वाहन चालकों के चरित्र का पुलिस सत्यापन कराने के लिए भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूल वाहनों के संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

परिवहन विभाग की इस पहल का उद्देश्य स्कूल वाहनों के चालकों को स्वस्थ, सतर्क और जिम्मेदार बनाते हुए बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *