दुकान के मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष भिड़े, तीन घायल

पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद में चले लाठी-डंडे, पुलिस ने घायलों का कराया मेडिकल।
सोरों, कासगंज। कोतवाली सोरों क्षेत्र के मोहल्ला रामसिंहपुरा में दुकान के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों की ओर से तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामसिंहपुरा मुख्य बाजार में स्थित पैतृक दुकान को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से मालिकाना हक का विवाद चल रहा है। एक पक्ष की अर्चना पत्नी अशोक कुमार शुक्ला दुकान पर अपना मालिकाना हक बता रही हैं, उनके पिता नाथूराम ने उन्हें विवाह के बाद एक दुकान एवं रहने के लिए मकान दिया था।जबकि दूसरे पक्ष के श्रीकृष्ण पुत्र नाथूराम महेरे, जो अर्चना के भाई बताए जा रहे हैं, भी दुकान पर अपना अधिकार जता रहे हैं।
इसी विवाद को लेकर मंगलवार शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। मारपीट में एक पक्ष से दीपक पुत्र अशोक शुक्ला निवासी मोहल्ला रामसिंहपुरा घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से श्रीकृष्ण पुत्र नाथूराम महेरे और माधव महेरे पुत्र श्रीकृष्ण घायल बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सभी घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। मामले में पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि दो पक्षों में दुकान के मालिका ना हक को लेकर मारपीट हुई है।
Author: Soron Live 24

