सोरों की गलियों में बंदरों का आतंक, बच्चों और बुजुर्गों में दहशत
सुबह होते ही झुंड बनाकर गलियों और बाजारों में घूमते हैं बंदर, लोगों ने नगर पालिका और वन विभाग से पकड़वाने की उठाई मांग

कासगंज यूपी। (लेखक सचिन उपाध्याय)तीर्थ नगरी सोरों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह होते ही शहर की गलियों में बंदरों की टोलियां झुंड बनाकर घूमती नजर आती हैं। इससे राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल बना हुआ है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदर कई बार बच्चों और बुजुर्गों पर हमला कर चुके हैं। बंदरों के काटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को बंदरों के डर के कारण काफी परेशानी होती है। अभिभावक बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से भी डरते हैं।
इन इलाकों में ज्यादा परेशानी बंदरों का आतंक मोहल्ला 14 पौर, मोहल्ला तिराया, बाहर दहलान, अंदर दहलान, टेड़ा नीम, चक्रतीर्थ, रामसिंहपुरा, लहरा रोड, सहावर गेट, बड़ा बाजार और हरि की पैड़ी समेत कई इलाकों में बताया जा रहा है। लोगों के मुताबिक बंदर सुबह से लेकर पूरे दिन सड़कों और घरों के आसपास घूमते रहते हैं।
स्थानीय निवासी मोहित तिवारी ने बताया कि सुबह होते ही मोहल्ले में बंदरों की टोली दिखाई देने लगती है। छोटे-छोटे बच्चों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन और वन विभाग से जल्द बंदरों को पकड़वाकर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते बंदरों के आतंक पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है। लोगों ने नगर पालिका और वन विभाग से अभियान चलाकर बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।
Author: Soron Live 24

