70 साल पुरानी मजबूत सड़क पर नई सड़क बनाने का विरोध, बोले स्थानीय लोग—जहां जरूरत है, वहां कराएं विकास
वार्ड 23 के होली चौक में सड़क निर्माण को लेकर उठे सवाल, 8 दिन से सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री से नालियां चोक और आवागमन प्रभावित होने का आरोप

सोरों, कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों के नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 23, मोहल्ला मढ़ई स्थित होली चौक में नई सड़क बनाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक में पहले से करीब 70 साल पुरानी और मजबूत सड़क बनी हुई है। इस सड़क पर हर वर्ष होली दहन भी होता है, इसके बावजूद सड़क आज भी मजबूती से टिकी हुई है। ऐसे में लोगों ने यहां नई सड़क बनाए जाने की आवश्यकता पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क निर्माण के लिए सड़क पर डाली गई निर्माण सामग्री को तत्काल हटाया जाए और जहां सड़कें वास्तव में जर्जर हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराया जाए।
स्थानीय निवासी भाजपा नेत्री डॉ. सांत्वना पाराशर ने कहा कि पंडित यशोधर शास्त्री के नगर पालिका अध्यक्ष कार्यकाल में बनी यह सड़क करीब 70 वर्षों से मजबूती के साथ टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि जहां सड़कों के निर्माण की वास्तविक आवश्यकता है, वहां नगर पालिका को विकास कार्य कराने चाहिए। मजबूत सड़क को तोड़कर नई सड़क बनाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, “हमें ऐसा विकास नहीं चाहिए, जिसमें मजबूत सड़क को हटाकर अनावश्यक रूप से नई सड़क बनाई जाए।”

वहीं बुजुर्ग रामसेवक पाठक ने बताया कि करीब आठ दिनों से निर्माण सामग्री उनके घर के सामने पड़ी हुई है। उनका आरोप है कि इसके कारण नालियां चोक हो गई हैं और आसपास बदबू फैल रही है। निर्माण सामग्री के सड़क पर पड़े रहने से स्थानीय लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। उन्होंने ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए निर्माण सामग्री तत्काल हटाने की मांग की।

स्थानीय निवासी अंकुर पाराशर ने भी ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर निर्माण सामग्री फैली होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद ठेकेदार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि होली चौक की पुरानी सड़क अभी भी मजबूत स्थिति में है और यहां नई सड़क की आवश्यकता नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों का वे विरोध नहीं करते, लेकिन विकास कार्य जरूरत के आधार पर होने चाहिए। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर सड़क निर्माण की आवश्यकता का पुनर्मूल्यांकन करने, सड़क पर पड़ी निर्माण सामग्री हटाने और स्थानीय लोगों की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

Author: Soron Live 24

