श्रीगंगा सभा अध्यक्ष पद को लेकर गुटबाजी तेज, दावेदारों की बढ़ी हलचल

श्री गंगा सभा अध्यक्ष पद को लेकर गुटबाजी तेज, दावेदारों की बढ़ी हलचल

संरक्षक मंडल के चयन के बाद गरमाया माहौल, बैठक में सदस्यों की गैरहाजिरी पर उठे सवाल; महामंत्री ओम दर्शन बबलू मोहल्लेदार समेत कई तीर्थ पुरोहित अध्यक्ष पद की दौड़ में

सोरों, कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में श्री गंगा सभा के अध्यक्ष पद को लेकर अब सियासी सरगर्मी तेज होती दिखाई दे रही है। शुक्रवार को संरक्षक मंडल के चयन को लेकर हुई बैठक के बाद संगठन के भीतर गुटबाजी और आरोप-प्रत्यारोप की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं। बैठक में श्री गंगा सभा से जुड़े सभी सदस्यों की मौजूदगी नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

श्री गंगा सभा के नए अध्यक्ष पद को लेकर वर्तमान महामंत्री ओम दर्शन बबलू मोहल्लेदार मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहे हैं। वहीं सोरों के कई अन्य तीर्थ पुरोहित भी अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी में बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कुछ लोगों द्वारा ओम दर्शन बबलू मोहल्लेदार को नया अध्यक्ष बनाए जाने की मांग भी सामने आ रही है।

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि श्री गंगा सभा संगठन से जुड़े करीब 60 सदस्यों के आधार पर संरक्षक मंडल का चयन किया जाना था, तो बैठक में सभी सदस्यों की उपस्थिति और प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता होनी चाहिए थी। सदस्यों की गैरमौजूदगी के बीच हुए चयन को लेकर अब तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में पूर्व श्री गंगा सभा अध्यक्ष कैलाश चंद्र कटारे, अनुराग शर्मा एडवोकेट, धनकुमार शर्मा, अवधेश शर्मा चौधरी का संरक्षक मंडल में चयन भी हो चुका है।

अध्यक्ष चयन के लिए बताए जा रहे पुराने मानक

स्थानीय लोगों के अनुसार श्री गंगा सभा के गठन के समय अध्यक्ष पद के लिए कुछ नियम और मानक निर्धारित किए गए थे। बताया जा रहा है कि उन नियमों के तहत अध्यक्ष पद का दावेदार वही व्यक्ति हो सकता है जिसके पास यात्रियों की पोथी-बही हो और जो यजमानी का कार्य भी करता हो आदि। हालांकि अध्यक्ष पद के चयन की अंतिम प्रक्रिया और नियमों को लेकर संगठन की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना अभी बाकी है।

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि श्री गंगा सभा के अध्यक्ष पद को लेकर चल रही यह रस्साकसी आगे क्या रूप लेती है। क्या नए अध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति से होगा या फिर संगठन के सदस्यों के बीच मतदान के जरिए अध्यक्ष चुना जाएगा? आने वाले दिनों में तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

श्री गंगा सभा का नया अध्यक्ष तीर्थ नगरी सोरों के धार्मिक, सामाजिक और तीर्थ यात्रियों से जुड़े कार्यों को किस दिशा में आगे ले जाएगा, यह भी आने वाला समय तय करेगा।

 

👇👇विज्ञापन स्वतंत्रता दिवस शुभकामनाएं 👇👇

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *