कानून व्यवस्था और आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस-जनप्रतिनिधियों की बैठक, अपराध व नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर जोर

कासगंज। पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह ने पुलिस कार्यालय में जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ कानून व्यवस्था एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक में पुलिस-जनता के बेहतर समन्वय के साथ कासगंज को अपराध मुक्त, नशा मुक्त एवं सौहार्दपूर्ण बनाने को लेकर मंथन किया गया।
गोष्ठी में एमएलसी रजनीकान्त माहेश्वरी, सदर विधायक देवेन्द्र राजपूत एवं अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा ने प्रतिभाग कर अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, सुरक्षा संबंधी विषयों एवं सुझावों को पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा।
बैठक में कानून व्यवस्था, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई, चोरी-लूट की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। त्योहारों के दौरान पीस कमेटी की बैठकें, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों का थाना स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कासगंज पुलिस जनता की पुलिस है। जनप्रतिनिधि जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु हैं। सभी के सहयोग से जनपद को अपराध मुक्त, नशा मुक्त और सौहार्दपूर्ण बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
गोष्ठी में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कासगंज पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
Author: Soron Live 24

