पवन हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, कोली समाज ने एसपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

कासगंज। सोरों थाना क्षेत्र के ग्राम चडोस में 17 वर्षीय पवन पुत्र निरंजन लाल कोली की मौत के मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को कोली समाज के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न जनपदों के साथ कासगंज जिले से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा झंडा और ‘पवन को न्याय दो’ लिखी तख्तियां लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार पवन 23 जुलाई से लापता था। परिजनों ने 24 जुलाई को सोरों थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद 29 जुलाई को गांव के खेत में पवन का शव मिला था। परिजनों की ओर से मामले में नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रदर्शन में इंडियन इनक्लूसिव पार्टी के नेता एवं बिहार की सहरसा विधानसभा सीट से विधायक इंद्रजीत गुप्ता भी पहुंचे। उन्होंने एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर मामले में शीघ्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। बताया गया कि पुलिस ने जांच पूरी करने और कार्रवाई के लिए 15 दिन का समय मांगा है।
एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन की सूचना को देखते हुए कासगंज सदर, ढोलना, सहावर और सोरों थाना पुलिस को मुस्तैदी के साथ तैनात किया गया था। सीओ आंचल चौहान ने भी प्रदर्शन कर रहे लोगों से वार्ता कर उनकी मांगों को सुना।





एसपी कार्यालय के बाहर तैनात पुलिस फोर्स
कोली समाज के लोगों ने स्पष्ट कहा कि पवन को न्याय मिलने और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी तक उनकी आवाज उठती रहेगी।
Author: Soron Live 24

