जिला कोर्ट परिसर की कैंटीन पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, गंदगी मिलने पर 500 किलो आटा-मैदा सीज

कासगंज। जिलाधिकारी के आदेशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय के निर्देशन में जिला कोर्ट परिसर में संचालित श्री राज जलपान गृह का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जलपान गृह में खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में गंदगी एवं अस्वास्थ्यकर स्थिति पाई गई। कैंटीन में लोकल मसाले, आटा, मैदा आदि का प्रयोग किया जाना भी पाया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमवीर ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर आटा, मैदा, दूध एवं रसगुल्ला के कुल चार नमूने संग्रहित किए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
500 किलो आटा-मैदा किया सीज
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आटा की 4 बोरियां (200 किलोग्राम, कीमत करीब ₹6,200) तथा मैदा की 6 बोरियां (300 किलोग्राम, कीमत करीब ₹10,200) सीज कर दीं। सीज किए गए खाद्य पदार्थों के संबंध में भी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी का बयान
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओम वीर सिंह, कासगंज ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: Soron Live 24

