नाव में बैठकर बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे डीएम प्रणय सिंह, मूजखेड़ा-नगला हंसी में बांटी राहत सामग्री

ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा, पेयजल-राशन-दवाइयों के साथ नाव और बचाव दल तैयार रखने के निर्देश
कासगंज, 11 अगस्त। तहसील पटियाली क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम मूजखेड़ा एवं नगला हंसी में मंगलवार को जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने नाव में बैठकर जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति देखी तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं राहत व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सतर्कता बरती जाए। प्रभावित परिवारों तक पेयजल, राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं समय से पहुंचाई जाएं। उन्होंने ग्रामीणों को राहत सामग्री वितरित करते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए नाव, स्टीमर और आवश्यक बचाव दल की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ग्रामीणों और पशुओं के स्वास्थ्य पर रहेगी नजर
डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा टीम और पशु चिकित्सकों की टीम को लगातार क्षेत्र में निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी पटियाली, खंड विकास अधिकारी, सिंचाई, राजस्व सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

