राष्ट्रीय व्यापारी दिवस पर दिल्ली में गूंजा व्यापारियों का स्वर, कासगंज व्यापार मंडल ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को किया सम्मानित

राष्ट्रीय व्यापारी दिवस पर दिल्ली में गूंजा व्यापारियों का स्वर, कासगंज व्यापार मंडल ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को किया सम्मानित

45वें राष्ट्रीय व्यापारी दिवस पर राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन एवं भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन, जीएसटी कानून में सुधार और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर

नई दिल्ली/कासगंज। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से 45वें राष्ट्रीय व्यापारी दिवस के अवसर पर रविवार, 10 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के मावलंकर हॉल, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन एवं भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए व्यापारियों ने व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल रहे। अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने किया।

सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कासगंज व्यापार मंडल ने किया केंद्रीय मंत्री का सम्मान

समारोह के दौरान कासगंज व्यापार मंडल की ओर से केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में डॉ. दिलीप सेठ और राजेंद्र गुप्ता ने सभा को संबोधित करते हुए व्यापारियों की समस्याओं एवं संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

ऑनलाइन ट्रेडिंग से पारंपरिक व्यापार को नुकसान पर जताई चिंता

सम्मेलन में ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। साथ ही ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनियों के बढ़ते प्रभाव से पारंपरिक व्यापार को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए व्यापारियों के हित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

जीएसटी कानून में सुधार का मुद्दा उठा

कासगंज नगर अध्यक्ष जितेंद्र वार्ष्णेय ने जीएसटी व्यवस्था से जुड़ी एक महत्वपूर्ण समस्या सम्मेलन में उठाई। उन्होंने कहा कि छोटा व्यापारी बड़े व्यापारी से जीएसटी सहित माल खरीदता है, लेकिन यदि किसी कारणवश बड़ा व्यापारी जीएसटी जमा नहीं कर पाता है तो उसका दंड और भुगतान छोटे व्यापारी पर आ जाता है। उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार कर छोटे व्यापारियों को राहत देने की मांग रखी।

कासगंज से बड़ी संख्या में व्यापारी पहुंचे दिल्ली

सम्मेलन में कासगंज से जिला अध्यक्ष सुरेश वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष जितेंद्र वार्ष्णेय, प्रदेश मंत्री उमाशंकर भारद्वाज, महिला जिला अध्यक्ष अनीता उपाध्याय, जिला महामंत्री प्रदीप गुप्ता, नगर महामंत्री किशोर अग्रवाल, नगर कोषाध्यक्ष अनिल गुप्ता, नगर युवा अध्यक्ष अरविंद वार्ष्णेय, एडवोकेट राजवंश उपाध्याय, खुशबू शर्मा, सूरज कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

राष्ट्रीय व्यापारी दिवस के इस आयोजन में व्यापारी एकता, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और व्यापारियों से जुड़े कानूनों में आवश्यक सुधार किए जाने की मांग प्रमुखता से सामने आई।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *