कासगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, दो कांवड़ियों की मौत, एक गंभीर घायल
एटा-कासगंज मार्ग पर काली नदी पुल के पास हुआ हादसा; साथियों से आगे निकलने की जल्दबाजी में अनियंत्रित बाइक सामने से आ रही ईको कार से टकराई

कासगंज, 10 अगस्त। कोतवाली कासगंज क्षेत्र में एटा-कासगंज मार्ग पर काली नदी पुल के पास सोमवार तड़के हुए सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 4:36 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, आगरा कमिश्नरेट क्षेत्र के 4-5 गांवों के करीब 30 कांवड़ियों का समूह सोरों की ओर जल लेने आ रहा था। समूह पिकअप वाहन और करीब 10-12 मोटरसाइकिलों से चल रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलें समूह से काफी पीछे रह गईं।
एक मोटरसाइकिल पर तीन कांवड़िये सवार थे। साथियों से जल्दी मिलने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कांवड़ियों की ईको कार संख्या HR51AS 8262 से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार हरिगोविन्द (25) निवासी बन्नावली, थाना फतेहपुर सीकरी, आगरा, विवेक (18) निवासी नोलक्खा, थाना सदर बाजार, आगरा और राहुल (20) निवासी सतनापुर, थाना मिढाकुर, आगरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हरिगोविन्द और राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विवेक को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर आगरा रेफर किया गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
Author: Soron Live 24

