लहरा कांवड़ घाट पहुंचे डीएम प्रणय सिंह, कांवड़ियों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश; बोले—श्रद्धालुओं की सुविधा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

कासगंज, 09 अगस्त। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने रविवार को लहरा कांवड़ घाट पहुंचकर कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग, घाट, श्रद्धालुओं के आवागमन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। घाट और कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही स्वास्थ्य, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और तत्परता से निर्वहन करें। स्थल पर किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। साथ ही व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और स्थलीय निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कासगंज एस.एन. त्रिपाठी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सोरों हर्षिता देवड़ा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
Author: Soron Live 24

