भाजपा सोरों नगर मंडल की कार्यशाला सम्पन्न, 12 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
कार्यकर्ताओं से तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान, तैयारियों पर हुई चर्चा
सोरों, कासगंज। भारतीय जनता पार्टी सोरों नगर मंडल की कार्यशाला एवं मासिक बैठक चेयरमैन कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में आगामी तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा कार्यकर्ताओं से राष्ट्रभक्ति के इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि मंडल प्रभारी राजवीर सिंह भल्ला एवं विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष आदित्य काकोरिया दुबे रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद सोरों के अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने की, जबकि संचालन मनीष शर्मा ने किया।
मंडल प्रभारी राजवीर सिंह भल्ला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व संगठन की ओर से प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से इसमें उत्साहपूर्वक और अनिवार्य रूप से शामिल होने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष आदित्य काकोरिया दुबे ने बताया कि सोरों नगर में तिरंगा यात्रा 12 अगस्त को प्रातः 10 बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क से शुरू होकर दीनदयाल उपाध्याय पार्क, कछला गेट पर सम्पन्न होगी। यात्रा में सभी कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर पदयात्रा करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में रामेश्वर दयाल महेरे ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक में विकास निर्भय, विजय गोस्वामी, योगेश चौधरी, आशुतोष त्रिवेदी, नानक चंद्र गुप्ता, सतीश चौधरी, चई बाबू, कन्हैयालाल बघेल, राजकुमार कश्यप, धर्मेंद्र कुमार, नीरज रावत, राहुल पचौरी, गिरीश वार्ष्णेय, आकाश महेरे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24


