हाथरस नगर पालिका चेयरमैन श्वेता चौधरी के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज, शासन की बड़ी कार्रवाई
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन टेंडर में अनियमितताओं के आरोप, जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से अधिकार वापस

हाथरस। उत्तर प्रदेश शासन ने हाथरस नगर पालिका परिषद की भाजपा चेयरमैन श्वेता चौधरी के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार तत्काल प्रभाव से सीज कर दिए हैं। यह कार्रवाई वर्ष 2024 में नगर पालिका परिषद के 35 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए निकाली गई निविदा प्रक्रिया में कथित वित्तीय और प्रक्रियागत अनियमितताओं के आरोपों के बाद की गई है।
नगर विकास विभाग के आदेश के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी हाथरस ने जांच समिति गठित की थी। जांच समिति की रिपोर्ट, जिलाधिकारी की संस्तुति तथा मामले से जुड़े न्यायिक पहलुओं के परीक्षण के बाद शासन ने यह कार्रवाई की।
शासन के आदेश की जानकारी मिलते ही नगर पालिका परिषद में हलचल मच गई। अब नगर पालिका के वित्तीय और प्रशासनिक कार्य शासन के निर्देशों के अनुसार संचालित किए जाएंगे।
यह कार्रवाई स्थानीय निकायों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। #bjp #Hathras #ShwetaChaudhry
Author: Soron Live 24

