कावड़ यात्रियों की सेवा में जुटा स्वास्थ्य विभाग, जगह-जगह मेडिकल कैंपों से मिल रही त्वरित राहत

सोरों शूकर क्षेत्र (कासगंज)। (सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय)सावन के पावन माह में तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र में प्रतिदिन सैकड़ों कावड़ यात्री गंगाजल लेने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
तीर्थ नगरी के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है, जहां कावड़ यात्रियों को प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयां तथा स्वास्थ्य संबंधी सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई हैं।

इसी क्रम में कासगंज गेट स्थित वराह मूर्ति तिराहे पर तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मी ने एक कावड़ यात्री के पैर में चोट लगने पर तुरंत मलहम-पट्टी कर प्राथमिक उपचार प्रदान किया। समय पर मिली इस चिकित्सा सहायता से यात्री को काफी राहत मिली और वह अपनी यात्रा आगे जारी रख सका।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की इन व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए लोगो ने कहा कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देना सराहनीय पहल है। चिकित्सा टीमों की तत्परता और सेवा भावना से कावड़ यात्रियों को न केवल राहत मिल रही है, बल्कि प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
सावन मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और जिला प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
Author: Soron Live 24

