श्मशान घाट के मुख्य मार्ग पर प्लांट का गंदा पानी, ग्रामीणों में आक्रोश; संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका

कासगंज। पहाड़पुर माफी स्थित मुख्य श्मशान स्थल को जाने वाले सीसी मार्ग पर एक दूध प्लांट का गंदा सीवर का पानी छोड़े जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि गंदे पानी के कारण मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है और अंतिम संस्कार के लिए आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बह रहे गंदे पानी से संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही सीसी सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। उनका आरोप है कि कई बार प्लांट प्रबंधन से मौखिक शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया।

मामले की शिकायत स्थानीय लोगों ने तहसीलदार से भी की है। तहसीलदार ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान हीरालाल, तेजपाल, लालाराम, नेत्रपाल, टिंकू, बॉबी, श्याम सिंह, ललित, डोरीलाल, धर्मपाल, लेखराज, चेतन गौतम, दुष्यंत गौतम और जवाहरलाल सहित अन्य ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की।
Author: Soron Live 24

