ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: 12 घंटे में लापता तीन नाबालिग मथुरा से सकुशल बरामद

ऑपरेशन मुस्कान की बड़ी सफलता: 12 घंटे में लापता तीन नाबालिग मथुरा से सकुशल बरामद

कासगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, परिजनों को सकुशल सुपुर्द किए गए बच्चे

कासगंज। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत कोतवाली कासगंज पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर लापता तीन नाबालिग बच्चों को मथुरा से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-03 निवासी तीन नाबालिग बच्चे 3 अगस्त की शाम घर से बिना बताए चले गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने सोशल मीडिया, स्थानीय मीडिया, सामाजिक संगठनों और चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से बच्चों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बच्चे कासगंज-बरेली मार्ग की ओर जाते दिखाई दिए, जिसके बाद तत्काल दो पुलिस टीमों का गठन कर एक टीम को बदायूं-बरेली और दूसरी टीम को मथुरा रवाना किया गया।

लगातार प्रयासों के बाद मथुरा पहुंची पुलिस टीम ने 4 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे तीनों बच्चों को द्वारकाधीश मंदिर परिसर से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्होंने आपस में मथुरा-वृंदावन घूमने की योजना बनाई थी। ट्रेन से मथुरा जाने के दौरान वे गलती से आगरा पहुंच गए, जहां से रोडवेज बस द्वारा मथुरा पहुंचे और प्रेम मंदिर, श्रीकृष्ण जन्मभूमि तथा द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

पुलिस ने तीनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों की सुरक्षित बरामदगी पर परिजनों ने कासगंज पुलिस और ऑपरेशन मुस्कान टीम की तत्परता एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जगदीश चन्द्र, उपनिरीक्षक रवि वर्मा, हेड कांस्टेबल दिनेश सिंह, कांस्टेबल दीपक खोखर, शैलेन्द्र चौधरी, घनेन्द्र कुमार प्रेमी, महिला हेड कांस्टेबल मंजू चौधरी तथा महिला हेड कांस्टेबल ममता चौधरी शामिल रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *