लहरा घाट पर एनडीआरएफ ने नाविकों को दिया बोट हैंडलिंग प्रशिक्षण, जल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

लहरा घाट पर एनडीआरएफ ने नाविकों को दिया बोट हैंडलिंग प्रशिक्षण, जल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

कासगंज। जनपद के लहरा घाट पर 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 22 सदस्यीय टीम ने स्थानीय नाविकों के लिए बोट हैंडलिंग प्रशिक्षण एवं सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नाविकों को सुरक्षित नौका संचालन, जल दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित करना था।

प्रशिक्षण के दौरान नाविकों को सुरक्षित नौका संचालन की तकनीक, लाइफ जैकेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, तेज जलधारा में बरती जाने वाली सावधानियां, दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया तथा डूबते व्यक्ति के सुरक्षित रेस्क्यू की व्यावहारिक जानकारी दी गई। एनडीआरएफ टीम ने जल आपदा से संबंधित विभिन्न बचाव तकनीकों का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी किया।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों एवं नाविकों को बाढ़, नाव दुर्घटनाओं और अन्य जल आपदाओं से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही वर्तमान कांवड़ यात्रा को देखते हुए श्रद्धालुओं एवं आमजन से नदियों, घाटों और अन्य जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।

एनडीआरएफ टीम ने नाविकों को प्रत्येक यात्रा से पहले नौका की तकनीकी जांच करने, निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को नौका में न बैठाने, सभी यात्रियों को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन और एनडीआरएफ को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता ने बताया कि एनडीआरएफ समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय समुदाय और नाविकों की आपदा से निपटने की क्षमता को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित नाविक किसी भी जल दुर्घटना या बाढ़ की स्थिति में प्रारंभिक स्तर पर प्रभावी बचाव कर कई लोगों की जान बचा सकते हैं।

कार्यक्रम में स्थानीय नाविकों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा एनडीआरएफ द्वारा दिए गए प्रशिक्षण की सराहना की।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *