कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 16 वर्षीय छात्रा का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 16 वर्षीय छात्रा का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई

कासगंज। जनपद के सिढ़पुरा कोतवाली क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में मंगलवार को एक 16 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

मृतका की पहचान अनन्या मिश्रा के रूप में हुई है, जो अमांपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सैदपुर की रहने वाली थी और विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा थी। वह आवासीय विद्यालय के कमरा नंबर-14 में अपनी तीन अन्य सहपाठियों के साथ रहती थी।

बताया जा रहा है कि छात्रा कक्षा में उपस्थित नहीं थी। इस पर वार्डन उसे तलाशते हुए कमरे में पहुंचीं। कमरे का दरवाजा बंद होने पर अंदर देखा गया तो छात्रा फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। सूचना मिलते ही सीओ अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर छात्रा के शव को फंदे से नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद विद्यालय परिसर और मृतका के घर में मातम का माहौल है। परिजनों ने छात्रा की मौत पर संदेह जताते हुए जिला प्रशासन से निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की है।

मृतका के चाचा ने बताया कि सुबह उन्हें फोन पर घटना की सूचना मिली। विद्यालय पहुंचने पर उन्होंने अपनी भतीजी को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *