इंस्पायर अवार्ड योजना: विद्यार्थियों में नवाचार की सोच विकसित करें, उत्कृष्ट प्रोजेक्ट तैयार कराएं – डीआईओएस रजनेश कुमार

इंस्पायर अवार्ड योजना: विद्यार्थियों में नवाचार की सोच विकसित करें, उत्कृष्ट प्रोजेक्ट तैयार कराएं – डीआईओएस रजनेश कुमार

विज्ञान शिक्षकों को पोर्टल पर पंजीकरण का दिया गया प्रशिक्षण, प्रत्येक विद्यालय से कम से कम पांच विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य

 

कासगंज। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को श्रीगणेश इंटर कॉलेज में विज्ञान शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में शिक्षकों को ऑनलाइन पोर्टल पर विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया तथा प्रत्येक विद्यालय से कम से कम पांच विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड मानक योजना विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की भावना विकसित करने का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों और विज्ञान शिक्षकों से समयबद्ध तरीके से पंजीकरण कराने तथा विद्यार्थियों को नए और उपयोगी प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक एवं नोडल प्रभारी डॉ. जयंत कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्यशाला में सह-समन्वयक अभिषेक पांडे एवं नोडल समन्वयक अनुभव पाठक ने पीपीटी के माध्यम से पोर्टल पर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई। साथ ही शिक्षकों को यह भी बताया गया कि वे विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों को प्रोत्साहित कर उन्हें उपयोगी वैज्ञानिक परियोजनाओं के रूप में विकसित करने में मार्गदर्शन दें।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विज्ञान शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया और योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *