लहरा घाट पर एनडीआरएफ का बाढ़ एवं जल बचाव मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों का किया प्रदर्शन

लहरा घाट पर एनडीआरएफ का बाढ़ एवं जल बचाव मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों का किया प्रदर्शन

 

कासगंज। संभावित बाढ़ एवं जलजनित आपदाओं के दौरान त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने जनपद कासगंज के लहरा घाट पर बाढ़ एवं जल बचाव (Flood Water Rescue-FWR) का व्यापक मॉक अभ्यास आयोजित किया।

यह मॉक अभ्यास टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में 30 सदस्यीय प्रशिक्षित एवं आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित एनडीआरएफ टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। अभ्यास के दौरान बाढ़ की काल्पनिक स्थिति तैयार कर वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। इसमें नाव संचालन, जल में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना तथा प्रभावितों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने जैसी विभिन्न बचाव तकनीकों का अभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल में अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, तहसीलदार बलवंत उपाध्याय, एसडीएम एवं प्रभारी ईओ हर्षिता देवड़ा, इंस्पेक्टर लोकेश भाटी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इसके अलावा पीएसी, आपदा मित्रों, स्थानीय गोताखोरों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए संयुक्त आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली का अभ्यास किया।

इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य संभावित बाढ़ एवं जलजनित आपदाओं से पहले आमजन को जागरूक करना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना तथा आपदा की स्थिति में त्वरित, प्रभावी और संगठित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। ऐसे अभ्यासों से संसाधनों का बेहतर उपयोग, समयबद्ध राहत एवं बचाव कार्य तथा जन-धन की हानि को न्यूनतम करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।

एनडीआरएफ ने नागरिकों से अपील की कि वर्षा और बाढ़ के मौसम में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या एनडीआरएफ को सूचना दें। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता एवं क्षमता-विकास कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने की बात कही गई।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *