जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री के सख्त निर्देश: जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचे, कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय से पूरी हों

 जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री के सख्त निर्देश: जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचे, कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय से पूरी हों

 

कासगंज, 27 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला योजना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में विद्युत विभाग को रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पेंशन योजनाओं, किसान बीमा, किसान सम्मान निधि, शादी अनुदान, सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, गौशालाओं तथा बेसिक शिक्षा विभाग में पाठ्यपुस्तक, बैग, ड्रेस और जूते के वितरण की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा बैठक में दिए गए सभी सुझावों और प्रस्तावों को गंभीरता से लिया जाए तथा उन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और सुझावों का सम्मान किया जाना आवश्यक है।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर लागू कराया जाएगा और शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *