घायल छात्र-छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग पर पीएम आवास के बाहर कांग्रेस का धरना, राहुल-प्रियंका समेत कई सांसद रहे मौजूद
नई दिल्ली। जंतर-मंतर से संसद मार्ग की ओर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्र-छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के कई वरिष्ठ नेता तथा सांसद शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपने भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। पार्टी ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
धरने के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से घायल छात्रों को न्याय दिलाने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार का रवैया चिंताजनक है और कांग्रेस छात्रों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।
प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्र-छात्राओं का हालचाल भी जाना। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस कार्रवाई के बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने इस घटना की निंदा करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और घायल छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की है।
Author: Soron Live 24

