कासगंज में नकब लगाकर चोरी की सूचना से मचा हड़कंप, पुलिस कर रही मामले की जांच

कासगंज में नकब लगाकर चोरी की सूचना से मचा हड़कंप, पुलिस कर रही मामले की जांच

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य, अलमारी से नकदी व आभूषण मिलने पर गहराई से हो रही जांच

कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दरुआपुर में रविवार सुबह नकब लगाकर लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पीड़ित देवप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि रात में अज्ञात चोर घर की पीछे की दीवार में नकब लगाकर कमरे में रखा एक बक्सा उठा ले गए। बक्से में करीब 1.25 लाख रुपये नकद, एक जोड़ी झुमकी, मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी चांदी की पायल तथा चांदी के सिक्के रखे थे।

जांच के दौरान पुलिस को चोरी हुआ बक्सा घर से करीब 30 मीटर दूर गली में पड़ा मिला, जिसे चोरों द्वारा खंगाला गया था। घटनास्थल के समीप ग्राम प्रधान का सीसीटीवी कैमरा लगा है, जिसकी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में कैमरे में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई नहीं दी।

पूछताछ में परिवार ने बताया कि करीब एक माह पहले केसीसी से 1.25 लाख रुपये निकाले गए थे। पुलिस ने जब इन रुपयों के उपयोग के संबंध में जानकारी ली तो देवप्रकाश ने बताया कि वह ब्याज पर रुपये देने का काम करता है, लेकिन धन के उपयोग को लेकर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

जांच के दौरान पुलिस ने परिवार की अलमारी खुलवाई, जिसमें करीब 12 हजार रुपये नकद, पांच पीली धातु की अंगूठियां, एक चैन, एक टीका, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी झुमकी, एक हार, एक चांदी का लॉकेट और अन्य आभूषण सुरक्षित मिले। जबकि पहले परिवार की ओर से अलमारी में कोई सामान न होने की बात कही गई थी। इस विरोधाभास के कारण पुलिस घटना को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मकान के पीछे की गली से नकब लगाया गया है। घटना के समय बरामदे में देवप्रकाश के माता-पिता सो रहे थे, जबकि देवप्रकाश दूसरे कमरे में अकेला था। आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि अभी तक मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी नगर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।। #Kasganjpolice #crimenews

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *