कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसपी पहुंचे लहरा घाट, सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा
बढ़ते गंगा जलस्तर के बीच अधिकारियों को दिए सतर्कता के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

कासगंज। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने सोरों क्षेत्र स्थित लहरा गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, खतरे के संकेतक, नाव, गोताखोर तथा पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट तक जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि रास्ता पूरी तरह समतल रहे तथा कहीं भी कंकड़-पत्थर या रोड़े न हों। साथ ही दुकानों को गंगा तट से सुरक्षित दूरी पर लगाने के निर्देश दिए, जिससे जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नुकसान न हो।
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान फ्लड यूनिट, वॉच टावर, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, फूड सेफ्टी, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात, वाहन पार्किंग, महिलाओं के लिए अस्थायी शौचालय तथा घाटों पर चेंजिंग रूम जैसी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी कासगंज, उपजिलाधिकारी सहावर, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, नगर निकाय, क्षेत्राधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

