मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट की चपेट में आया किशोर, दर्दनाक मौत से परिवार में मचा कोहराम
सोरों क्षेत्र के कादरवाड़ी गांव की घटना, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

कासगंज। जनपद कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के कादरवाड़ी गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कादरवाड़ी निवासी रक्षपाल का 17 वर्षीय पुत्र निर्गुण अपने घर में मोबाइल चार्ज करने के लिए विद्युत बोर्ड में चार्जर लगा रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन किशोर के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए।
किशोर की असामयिक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। यह हादसा बिजली के उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता की भी याद दिलाता है।
Author: Soron Live 24

