किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान, सूखी माइनरों और महंगाई पर सरकार को घेरा

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान, सूखी माइनरों और महंगाई पर सरकार को घेरा

 

कासगंज। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुनेन्द्रपाल सिंह राजपूत के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने कासगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर किसानों, मजदूरों एवं आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने किसानों से संवाद कर सिंचाई, बढ़ती महंगाई, कृषि लागत, मजदूरों की आजीविका तथा ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

ग्राम जहांगीरपुर में जनसंपर्क के दौरान प्रधान ओमकार सिंह सहित लटूर सिंह, शिवदयाल, अनार सिंह, मोती सिंह एवं इन्द्रनाथ सिंह ने बताया कि गांव की माइनर में लगभग 30 वर्षों से सिंचाई के लिए पानी नहीं आया है। माइनर पूरी तरह सूखी पड़ी है, जबकि प्रतिवर्ष सिल्ट सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। किसानों का आरोप है कि वर्ष 1974 से लगातार इसी क्षेत्र से विधायक चुने जाते रहे हैं, लेकिन आज तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

ग्राम इटऊआ में अर्जुन वाल्मीकि एवं कुलदीप जाटव ने बताया कि उन्होंने अपने जीवनकाल में कभी इस माइनर में पानी बहते नहीं देखा। वहीं महावर गांव के सुनील, बृजभान सिंह, किशनवीर एवं विशाल कुमार ने माइनर में नियमित पानी छोड़े जाने की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि माइनर में पानी न आने से लगभग 15 से 20 हजार एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हो रही है। पानी के अभाव में क्षेत्र के अधिकांश बाग नष्ट हो चुके हैं तथा किसानों को निजी साधनों से महंगी सिंचाई कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एक ओर किसान सिंचाई संकट, बढ़ती कृषि लागत और महंगाई से जूझ रहा है, वहीं मजदूरों को भी पर्याप्त रोजगार और उचित मजदूरी नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस ने किसानों को नियमित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने, ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा किसानों एवं मजदूरों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

जनसंपर्क अभियान में दीपू पाण्डेय (प्रदेश सेवादल जोनल सचिव), विमल कुमार सिंह (जिला कांग्रेस कंट्रोल रूम प्रभारी, कासगंज) सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *