बारिश ने खोली विकास की पोल: तोलकपुर–सलेमपुर मार्ग पर घुटनों तक जलभराव, स्कूली बच्चों समेत राहगीर परेशान

बारिश ने खोली विकास की पोल: तोलकपुर–सलेमपुर मार्ग पर घुटनों तक जलभराव, स्कूली बच्चों समेत राहगीर परेशान

 

सोरों (कासगंज)। मानसून की बारिश ने विकास खंड सोरों की ग्राम पंचायत तोलकपुर से सलेमपुर जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति उजागर कर दी है। सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाने से स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और विशेषकर स्कूली विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जलभराव के कारण पूरी सड़क तालाब का रूप ले चुकी है। सड़क में बने गहरे गड्ढे पानी में पूरी तरह छिप गए हैं, जिससे आए दिन दुपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सफर करना अब जोखिम भरा हो गया है।

इस मार्ग से होकर कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण बच्चों के कपड़े गंदे होना आम बात हो गई है। अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि गंदे पानी से होकर स्कूल जाने के कारण बच्चों में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं स्कूली बसें और ऑटो भी जलभराव के कारण समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में ही यह सड़क जलमग्न हो जाती है। लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तोलकपुर–सलेमपुर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन और स्कूली बच्चों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *