2021 की एफआईआर के बावजूद सक्रिय बताए जा रहे पीएम आवास योजना में उगाही करने वाले! जांच के निर्देश

डूडा आवास योजना में अवैध वसूली पर प्रशासन सख्त, दोषियों को भेजेंगे जेल : एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह

2021 की एफआईआर के बावजूद सक्रिय बताए जा रहे उगाही करने वाले, एडीएम ने जांच कर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

 

कासगंज। जनपद में डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) के माध्यम से संचालित आवास योजनाओं में लाभार्थियों से कथित अवैध वसूली की शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा है कि आवास दिलाने के नाम पर लोगों को गुमराह कर अवैध धन उगाही करने वालों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

एडीएम ने डूडा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कासगंज, गंजडुंडवारा और सहावर क्षेत्र में स्वयं को डूडा का कर्मचारी या प्रतिनिधि बताकर लाभार्थियों से धन वसूलने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिन लोगों के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं, वे अब भी किस तरह क्षेत्र में सक्रिय होकर लोगों से वसूली कर रहे हैं।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, तत्कालीन जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर वर्ष 2021 में लाभार्थियों से अवैध वसूली के आरोप में डूडा विभाग द्वारा सोरों थाने में धारा 420 सहित मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद कथित रूप से कुछ लोग आवास की जांच, स्वीकृति और किस्त जारी कराने के नाम पर लाभार्थियों से धन वसूल रहे हैं।

50 हजार रुपये तक मांगने के आरोप

शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से 50 हजार रुपये तक की मांग की जा रही है। कुछ स्थानों पर नगर निकायों के कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत से अवैध वसूली किए जाने की भी चर्चा है। इन आरोपों की जांच की मांग की गई है।

सीएलटीसी और फील्ड स्तर पर मिलीभगत के भी आरोप

शिकायतकर्ताओं ने डूडा विभाग में तैनात सीएलटीसी कर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि फील्ड जांच और आवास संबंधी प्रक्रियाओं में कुछ लोगों की मिलीभगत से अवैध वसूली का खेल संचालित हो रहा है। प्रशासन ने इन सभी बिंदुओं की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति डूडा या आवास योजना के नाम पर लाभार्थियों से धन की मांग करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि ऐसे मामलों की तत्काल शिकायत करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *