भाजपा बनाम भाजपा: पालिका अध्यक्ष और सभासद आमने-सामने, विवाद पहुंचा धरना व भूख हड़ताल तक

सोरों (कासगंज)। नगर पालिका परिषद सोरों में भाजपा के निर्वाचित पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे और भाजपा के ही अधिकांश सभासदों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। बुधवार को सभासदों ने पालिका सभागार में धरना-प्रदर्शन, क्रमिक अनशन और भूख हड़ताल शुरू कर दी। सभासदों ने पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी पर तानाशाही रवैया अपनाने, वित्तीय अनियमितताओं और बोर्ड बजट बैठक को कथित रूप से असंवैधानिक तरीके से कराने के आरोप लगाए हैं।
सभासदों का कहना है कि वे पूर्व में जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर चुके हैं, लेकिन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
सभासद संघ अध्यक्ष विष्णुकान्त तिवारी, सभासद नीतेश पचौरी और पवनेश सक्सेना ने कहा कि उनका आंदोलन नगरहित, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए है। उनका आरोप है कि निर्वाचित सभासदों की लगातार उपेक्षा की जा रही है और जनहित के मुद्दों पर मनमाने तरीके से निर्णय लिए जा रहे हैं।
धरना-प्रदर्शन में सभासद रवि दुबे, जयपाल कश्यप, प्रतिनिधि मुनीश चौधरी, जय सिंह और सोहेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
विशेष बात यह है कि नगर पालिका अध्यक्ष भाजपा से निर्वाचित हैं और आंदोलन कर रहे अधिकांश सभासद भी भाजपा के टिकट पर चुने गए हैं। ऐसे में एक ही दल के जनप्रतिनिधियों के बीच बढ़ा यह टकराव अब स्थानीय राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गया है। अब निगाहें जिला प्रशासन और भाजपा संगठन पर हैं कि वे इस विवाद का समाधान किस तरह निकालते हैं।
Author: Soron Live 24

