सोरों नगर पालिका की बजट बैठक पर घमासान, कार्रवाई न होने से नाराज 11 सभासदों ने दिया अल्टीमेटम; 8 जुलाई से क्रमिक अनशन की चेतावनी

कासगंज। सोरों नगर पालिका परिषद की 1 जुलाई को अध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर आयोजित बजट बैठक को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बैठक को अवैध बताते हुए 11 सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्व में जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा था। आरोप है कि सात दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कार्रवाई न होने से नाराज सभासदों ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) कासगंज को पुनः ज्ञापन देकर पूरे मामले से अवगत कराया। ज्ञापन में कहा गया है कि 1 जुलाई को अध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर आयोजित बजट बैठक नियमों के विपरीत थी, जिसकी शिकायत पहले ही जिलाधिकारी से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई।
सभासदों ने एडीएम को दिए ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो 8 जुलाई 2026 से नगर पालिका परिषद सोरों परिसर में 11 सभासद क्रमिक अनशन आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि अनशन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन पर सभासद संघ के अध्यक्ष विवेक कांत तिवारी, सभासद नीरज चौधरी सहित कुल 11 सभासदों के हस्ताक्षर हैं। सभासदों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन के दौरान सभासद नीतेश पचौरी सभासद विष्णु कांत तिवारी जयपाल कश्यप पवनेश सक्सेना सभासद रवि दुबे,सभासद आरती चौधरी,सभासद मीना देवी,सभासद कौसर बेगम, सभासद सुनीता देवी आदि लोग उपस्थित रहे।।
Author: Soron Live 24

