गंगा कटान का बढ़ा खतरा: मनरेगा बांध की मरम्मत और ऊंचाई बढ़ाने की मांग
सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, बाढ़ से पहले युद्धस्तर पर कार्य शुरू कराने की उठाई मांग

गंजडुंडवारा (कासगंज)। बरसात के मौसम और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने मंगलवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) गंजडुंडवारा महेंद्र पाल सिंह को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत कादरगंज खाम, न्यूली फतुहाबाद एवं हिम्मतनगर बझेरा में गंगा किनारे स्थित मनरेगा के बांध की तत्काल मरम्मत एवं उसकी ऊंचाई बढ़ाए जाने की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि गंगा नदी के किनारे स्थित इन ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के तहत बनाए गए बांध कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। बरसात के दौरान गंगा का जलस्तर बढ़ने से गंगा कटान और बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ जाता है, जिससे हर वर्ष किसानों की फसलें नष्ट होती हैं, पशुधन और मकानों को नुकसान पहुंचता है तथा ग्रामीणों के जान-माल पर संकट उत्पन्न हो जाता है।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और जल्द ही गंगा नदी का जलस्तर बढ़ेगा। यदि समय रहते बांध की मरम्मत और उसकी ऊंचाई नहीं बढ़ाई गई तो हजारों किसानों और ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि आपदा का इंतजार करने के बजाय पहले से तैयारी करते हुए मनरेगा के माध्यम से तत्काल मजदूर लगाकर बांध की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराया जाए। इससे एक ओर स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर गांवों को बाढ़ और गंगा कटान से सुरक्षा भी मिल सकेगी।
उन्होंने मांग की कि संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाकर युद्धस्तर पर कार्य शुरू कराया जाए, ताकि संभावित बाढ़ से पहले बांध को सुरक्षित बनाया जा सके।
इस दौरान असलम खान, संतोष यादव, प्रदीप कुमार, पंकज लोधी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

