कावड़ यात्रा की तैयारियां तेज: डीएम-एसपी ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, सुरक्षा व व्यवस्थाओं के दिए कड़े निर्देश

कासगंज। आगामी कावड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित रुद्राक्ष सभागार में जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह की अध्यक्षता में जनपद के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कावड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में निर्देशित किया गया कि कावड़ मार्गों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की जाए, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाए तथा भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और सोशल मीडिया की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। कावड़ शिविरों, डीजे एवं लाउडस्पीकर संचालन में निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद के सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

