डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
भाजपा सोरों नगर मंडल ने जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

सोरों (कासगंज)। भारतीय जनता पार्टी सोरों नगर मंडल ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर कासगंज गेट स्थित मुखर्जी पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
मंडल अध्यक्ष आदित्य कांकोरिया दुबे ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। “एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का उनका उद्घोष आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को उनके आदर्शों पर चलना चाहिए।
मंडल प्रभारी मनोज भारद्वाज ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सीख देते हैं।
कार्यक्रम में सतीश चौधरी, गिरीश वार्ष्णेय, संपूर्णानंद भारद्वाज, नानक चंद्र गुप्ता, जयपाल वर्मा, ब्रजेश उपाध्याय, विशाल पाठक, मनीष शर्मा, सत्यम चतुर्वेदी, विजय गोस्वामी, नीरज रावत, रिंकू पचौरी, धर्मेंद्र कुमार, आशुतोष त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

