मिलावटी सॉस पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 967 किलो सॉस सीज
वैभवी फूड्स पर छापेमारी, जांच के लिए लिए गए नमूने; रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

कासगंज। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहावर गेट स्थित एक प्रतिष्ठान से 967 किलोग्राम संदिग्ध सॉस सीज किया है। सीज किए गए सॉस की अनुमानित कीमत करीब ₹37 हजार बताई गई है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी प्रणय सिंह के आदेशों के अनुपालन में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह के निर्देशन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गौरी शंकर सिंह ने शिवपुरी कॉलोनी, सहावर गेट, गली नंबर-2 स्थित वैभवी फूड्स पर छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में 62 कार्टनों में रखे लगभग 1,488 किलोग्राम सॉस में मिलावट की आशंका पाए जाने पर मौके से दो नमूने जांच के लिए लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान शेष 967 किलोग्राम सॉस को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Author: Soron Live 24

