नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, गोराह नहर से हरि की पैड़ी तक माइनर पक्कीकरण के लिए 8 करोड़ 9 लाख रुपये स्वीकृत
सतत जलापूर्ति से हरि की पैड़ी में पहुंचेगा स्वच्छ जल, तीर्थ नगरी सोरों के धार्मिक महत्व और पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

सोरों (कासगंज)। (सचिन उपाध्याय/ रवि श्रोतीय) तीर्थ नगरी सोरों शूकरक्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। गोराह नहर से हरि की पैड़ी तक माइनर के पक्कीकरण के लिए 8 करोड़ 9 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी, वहीं श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भी इसका व्यापक लाभ मिलेगा।
वर्तमान में गोराह नहर के इसी माइनर मार्ग से हरि की पैड़ी स्थित पवित्र कुंड (आदि गंगा) में जल की आपूर्ति की जाती है। लेकिन जब भी नहर में पानी छोड़ा जाता है, तब रास्ते में कई स्थानों पर किसान सिंचाई के लिए माइनर को काट देते हैं। इससे हरि की पैड़ी तक पर्याप्त और नियमित जल नहीं पहुंच पाता तथा जलापूर्ति बाधित हो जाती है। माइनर के पक्कीकरण के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान होगा। इससे हरि की पैड़ी में पूरे समय पर्याप्त एवं स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे तीर्थ की धार्मिक गरिमा और भी बढ़ेगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति दिलाने में नगर पालिका परिषद सोरों के अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे के निरंतर प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से इस जनहितकारी मांग को लेकर किए गए उनके प्रयास अब सफल होते दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने इसे सोरों के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने इस जनकल्याणकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश सरकार, जल संसाधन विभाग एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना तीर्थ नगरी के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने बताया कि
“गोराह नहर से हरि की पैड़ी तक माइनर का पक्कीकरण सोरों शूकरक्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना है। 8 करोड़ 9 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने से वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। इस कार्य से हरि की पैड़ी में नियमित और स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था को और मजबूती मिलेगी। इसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, कैबिनेट मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह जी तथा जल संसाधन विभाग का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। हमारा संकल्प है कि सोरों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जनहितकारी कार्य लगातार आगे बढ़ते रहें।”
#YogiGovernment #JalSansadhanVibhag #UttarPradeshGovernment
Author: Soron Live 24

