लोकायुक्त तक पहुंचा सोरों पालिका का बजट बैठक विवाद, अध्यक्ष व एसडीएम पर कार्रवाई की मांग

लोकायुक्त तक पहुंचा सोरों पालिका का बजट बैठक विवाद, अध्यक्ष व एसडीएम पर कार्रवाई की मांग

मंडलायुक्त, प्रमुख सचिव नगर विकास को भी भेजी शिकायत, पूर्व में डीएम को ज्ञापन के बाद कार्रवाई की सभासदों ने उठाई थी मांग

सोरों (कासगंज)।सोरों नगर पालिका परिषद में बजट बैठक को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लोकायुक्त तक पहुंच गया है। सभासद संघ अध्यक्ष विष्णुकांत तिवारी सहित 10 सभासदों ने लोकायुक्त उत्तर प्रदेश, मंडलायुक्त अलीगढ़ और प्रमुख सचिव नगर विकास को विस्तृत शिकायत भेजकर नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे तथा अधिशासी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहीं एसडीएम हर्षिता देवड़ा के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

 

 

सभासदों का आरोप है कि 1 जुलाई 2026 को नगर पालिका का करोड़ों रुपये का बजट नियमों को दरकिनार कर अध्यक्ष के निजी कैंप कार्यालय पर पारित कराया गया। शिकायत में कहा गया है कि बैठक में निर्वाचित सभासदों का आवश्यक कोरम पूरा नहीं था, फिर भी बजट पारित दिखा दिया गया। साथ ही मनोनीत सभासदों के मतों को शामिल कर नियमों का उल्लंघन किया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बैठक के दौरान कई उपस्थित सभासदों से कार्यवृत्त रजिस्टर पर हस्ताक्षर नहीं कराए गए, जिससे बाद में रिकॉर्ड में हेरफेर और फर्जी हस्ताक्षर किए जाने की आशंका है। कई सभासदों ने लिखित रूप से दावा किया है कि वे बैठक में मौजूद थे, लेकिन उनके हस्ताक्षर नहीं कराए गए।

सभासदों ने एसडीएम हर्षिता देवड़ा की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि अधिशासी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार होने के बावजूद उनके संरक्षण में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।

पहले डीएम को भी सौंपा था ज्ञापन

सभासदों ने बताया कि 2 जुलाई को भी उन्होंने जिलाधिकारी कासगंज को शिकायती पत्र देकर बजट बैठक को निरस्त करने और जांच की मांग की थी। आरोप है कि अब तक उस शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने मामला लोकायुक्त, मंडलायुक्त और प्रमुख सचिव नगर विकास के समक्ष उठाते हुए दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने, बजट बैठक को शून्य घोषित करने तथा नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं में विष्णुकांत तिवारी, जयपाल कश्यप, पवनेश कुमार, रवि दुबे, आरती चौधरी, सुनीता देवी, रामसनेही, मीना देवी, बबली और नितेश पचौरी सहित 10 सभासद शामिल हैं। सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक सत्याग्रह और अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। #DmKasganj #YogiAdityanath #soronnagarpalika

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *