घर में घुसे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार
पटियाली में छत पर छिपे बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए; तमंचे, कारतूस, बाइक व मोबाइल बरामद

कासगंज। पटियाली कस्बे में शुक्रवार शाम एक मकान में बदमाशों के घुसने की सूचना पर पहुंची पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, मकान की छत पर छिपे बदमाशों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे को छत से कूदकर भागने के प्रयास के दौरान पकड़ लिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक निवासी नरथर थाना पटियाली, विकास निवासी रेलवे कॉलोनी थाना गंजडुण्डवारा तथा शौर्य प्रताप निवासी बरी बगवास थाना सिकंदरपुर वैश्य के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ घर में घुसने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Soron Live 24

