एसपी कासगंज ने कांवड़ यात्रा मार्गों का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
एटा, हाथरस व बदायूं मार्ग का लिया जायजा, एनएचएआई को श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश

कासगंज, 2 जुलाई। आगामी श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने जनपद के प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एटा रोड, हाथरस रोड तथा कासगंज-बदायूं रोड सहित कांवड़ियों के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया। मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य के मद्देनजर एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य के बावजूद अन्य राज्यों एवं जनपदों से आने वाले शिव भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील चौराहों और घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम नागरिकों और कांवड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित रूट डायवर्जन योजना की भी समीक्षा की गई।
श्रद्धालुओं के लिए मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और चिकित्सा शिविरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उपद्रवी तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह, जनसंपर्क अधिकारी उदित नयन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Soron Live 24

