मानसून की पहली झमाझम बारिश से तरबतर हुआ कासगंज, जनजीवन अस्त-व्यस्त

मानसून की पहली झमाझम बारिश से तरबतर हुआ कासगंज, जनजीवन अस्त-व्यस्त

सुबह 5:30 बजे से लगातार बरस रहे मेघ, स्कूलों में रेनी डे अवकाश, सड़कों पर जलभराव से लोगों को हुई परेशानी

कासगंज, 1 जुलाई। (सचिन उपाध्याय/रवि श्रोतीय)जनपद कासगंज में बुधवार को मानसून ने जोरदार दस्तक दी। सुबह करीब 5:30 बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे जिले को बारिश की चादर में लपेट लिया। लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को मानसून की पहली तेज बारिश से राहत तो मिली, लेकिन लगातार हुई वर्षा ने जनजीवन को भी प्रभावित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहा।

पहले ही दिन स्कूलों में रहा रेनी डे अवकाश

1 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र के तहत विद्यालय खुलने का पहला दिन था, लेकिन सुबह से लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जनपद के अधिकांश सरकारी एवं निजी विद्यालयों ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेनी डे अवकाश घोषित कर दिया। तेज बारिश और जलभराव के कारण अधिकांश छात्र-छात्राएं विद्यालय नहीं पहुंच सके।

 

बारिश की कुछ तस्वीरें

 

सड़कों पर भरा पानी, लोगों की दिनचर्या हुई प्रभावित

लगातार हो रही बारिश से शहर और कस्बों की कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर नालियां उफान पर आ गईं, जिससे बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगा। जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से नहीं निकल सके और बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल देखने को मिली।

सोरों सहित पूरे जिले में हुई झमाझम बारिश

कासगंज मुख्यालय के अलावा सहावर, गंजडुंडवारा, तीर्थ नगरी सोरों, अमांपुर, पटियाली तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों का कहना है कि धान सहित खरीफ फसलों की बुवाई के लिए यह बारिश काफी लाभदायक साबित होगी।

तीर्थ नगरी सोरों में श्रद्धालुओं को हुई दिक्कत

विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी सोरों में सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मंदिरों के आसपास जलभराव और फिसलन की स्थिति बनने से श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाई हुई। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे नगर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए।

गर्मी से मिली राहत, मौसम हुआ सुहावना

लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के चलते वातावरण पूरी तरह खुशनुमा हो गया और लोगों ने मानसून की पहली बारिश का आनंद भी लिया।

अभी जारी है बारिश का दौर

समाचार लिखे जाने तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना है, जिससे जिले में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *