सोरों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि, किया वृक्षारोपण

बूथ संख्या-97 पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने सुना ‘मन की बात’, डॉ. मुखर्जी के जीवन व बलिदान को किया नमन, पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश।
कासगंज/सोरों। (सचिन उपाध्याय/ रवि श्रोतीय) भारतीय जनता पार्टी के नगर सेक्टर-बी अंतर्गत बूथ संख्या-97 पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रहित में दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यकर्ताओं को उनके जन्म से लेकर बलिदान तक के प्रेरणादायी जीवन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।
नगर उपाध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी एवं मंडल संयोजक मनीष शर्मा पंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्रहित, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलकर ही भारत को और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। वृक्षारोपण जैसे अभियान भविष्य की पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी हैं।
जिला मीडिया प्रभारी ब्रजेश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा संगठन बूथ स्तर तक राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरण का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी ब्रजेश उपाध्याय, मयंक शर्मा, राहुल शर्मा, सत्यम चतुर्वेदी, रामावतार, मोहित दुबे, तुषार शर्मा, उदित शर्मा, प्रवीण गुप्ता, रवि गोला सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

