डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता और अखंडता का अमर प्रतीक : मनीष शर्मा

सोरों शूकरक्षेत्र। सचिन उपाध्याय भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को सोरों के मोहल्ला कटरा स्थित बूथ संख्या-99 पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्रहित में दिए गए बलिदान को याद किया।
मुख्य वक्ता एवं भाजपा नगर उपाध्यक्ष तथा सोरों मंडल संयोजक मनीष शर्मा पंडा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक महान शिक्षाविद और प्रखर राष्ट्रवादी नेता ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक था। ‘एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे’ का उनका संकल्प आज भी प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणा है। उनके विचार और आदर्श नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण का संदेश देते रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सहसंयोजक राहुल पचौरी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। देश की एकता और अखंडता के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में दर्ज है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं।
सहसंयोजक योगेंद्र निर्भय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने राष्ट्रीय एकता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनके आदर्श आज भी देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन परिचय, राजनीतिक योगदान एवं बलिदान पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर राहुल पचौरी, सत्यम चतुर्वेदी, योगेंद्र निर्भय, सुभाष, ब्रह्मानंद, सागर, राजेश, तेजपाल, दीपक, प्रमोद कुमार, जॉनी, प्रकाश, राहुल, खिलाड़ी, साहब सिंह, तरुण, अभय सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

