मंदिर व सरकारी भूमि पर कब्जे का आरोप, आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने एडीएम से लगाई गुहार
भू-माफिया से जमीन मुक्त कराने और मंदिर पुनः स्थापित कराने की मांग, सौंपा शिकायती पत्र

कासगंज। तहसील क्षेत्र के ग्राम कादरबाड़ी के आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने एडीएम कासगंज को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर मंदिर एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम कादरबाड़ी स्थित गाटा संख्या 1846 व 1847 की लगभग दो बीघा भूमि सरकारी अभिलेखों में बाबा मोहन दास के नाम दर्ज है। उक्त भूमि पर ग्रामवासियों के सहयोग से एक मंदिर स्थापित किया गया था, जहां नियमित पूजा-अर्चना होती थी तथा सावन माह में कांवड़ियों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाता था।
ग्रामीणों का आरोप है कि बाबा मोहन दास के निधन के बाद एक व्यक्ति ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि पर अपना नाम दर्ज करा लिया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कुछ माह पूर्व उक्त व्यक्ति ने कई लोगों के साथ मिलकर मंदिर को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्य रुकवा दिया था।
ग्रामीणों ने एडीएम से मांग की है कि मामले की जांच कर भूमि को कथित भू-माफिया के कब्जे से मुक्त कराया जाए, ताकि वहां पुनः मंदिर एवं बाबा मोहन दास की समाधि का निर्माण कराया जा सके।
ग्रामीणों ने शिकायत पत्र के साथ संबंधित दस्तावेज भी प्रशासन को उपलब्ध कराए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
#Kasganj #ADMKasganj #LandDispute #TempleLand #Kadarbadi #KasganjNews
Author: Soron Live 24

