सोरों हरि की पैड़ी विकास योजना पर सवाल: 6.95 करोड़ खर्च, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट आज तक गायब

निर्माण कार्य की तालिका सूची
घाट, गजेबो और सोलर लाइटें बनीं, लेकिन जल स्वच्छता की सबसे अहम व्यवस्था चार साल बाद भी अधूरी; स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
कासगंज। (सचिन उपाध्याय)सोरों शूकरक्षेत्र स्थित पौराणिक हरि की पैड़ी के विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद अब परियोजना की पारदर्शिता और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट और परियोजना स्थल पर लगे सूचना पट्ट के आधार पर दावा किया जा रहा है कि हरि की पैड़ी के विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ 95 लाख 75 हजार रुपये की लागत स्वीकृत की गई थी, लेकिन योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा आज तक धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
सूचना पट्ट के अनुसार परियोजना के अंतर्गत 350 मीटर घाट का पुनर्निर्माण, दो गजेबो, एक शौचालय, एक ट्यूबवेल, एक वॉटर रीसाइक्लिंग (ट्रीटमेंट) प्लांट, 20 सोलर लाइटें और एक चेंजिंग रूम का निर्माण प्रस्तावित था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घाटों समेत अधिकांश निर्माण कार्य पूरे कर दिए गए, लेकिन जल को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रस्तावित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट चार वर्ष बाद भी स्थापित नहीं किया गया।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हरि की पैड़ी धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ट्रीटमेंट प्लांट सबसे जरूरी सुविधाओं में शामिल था। इसके बावजूद यह व्यवस्था आज तक शुरू नहीं हो सकी।
मामले को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं कि यदि परियोजना में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए बजट स्वीकृत हुआ था तो वह धनराशि आखिर कहां खर्च हुई। सोशल मीडिया पर कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह प्रशासनिक लापरवाही है या फिर करोड़ों रुपये की परियोजना में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी कासगंज और प्रदेश सरकार से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा हरि की पैड़ी पर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना सुनिश्चित करने की मांग की है। अब प्रशासनिक स्तर पर इस मुद्दे पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
Author: Soron Live 24

