कासगंज में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण शिविर, विकास प्रदर्शनी

कासगंज में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण शिविर, विकास प्रदर्शनी और महिला जनसुनवाई का आयोजन

 

कासगंज। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड कासगंज में जनकल्याण शिविर, प्रबुद्ध वर्ग संगोष्ठी, विकास प्रदर्शनी तथा महिला जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जनकल्याण शिविर में ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया, विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी, सदर विधायक देवेन्द्र सिंह राजपूत, अमापुर विधायक हरिओम वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, राज्य महिला आयोग सदस्या रेनू गौड़, जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान किसानों को बीज मिनीकिट, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट तथा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित की गईं। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।

वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समर्पित रहे हैं तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है।

इसी अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण तथा आधारभूत संरचना से संबंधित प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया।

वहीं विकास भवन सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ ने महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज, संपत्ति विवाद और अन्य मामलों से जुड़े 13 प्रकरणों की सुनवाई की। इनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान एक बच्चे का अन्नप्राशन तथा एक महिला की गोद भराई भी कराई गई।

कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *