मथुरा-बरेली हाईवे पर बड़ा हादसा: दो रोडवेज बसों की टक्कर में 2 की मौत, 36 घायल
डीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, गंभीर घायलों को हायर सेंटर किया गया रेफर


सोरों/कासगंज, 13 जून। थाना सोरों क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा-बरेली हाईवे पर कलेक्ट्रेट के निकट शनिवार सुबह राजस्थान लोक परिवहन एवं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में दो यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा क्षेत्र में शांति एवं यातायात व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
#Accident #Kasganj #KasganjPolice #DMKasganj #RoadAccident #Soron
Author: Soron Live 24

