जलभराव और कीचड़ से बेहाल लहरा वार्ड, नगर पालिका से लगाई स्थायी समाधान की गुहार
डिग्लिस नगर मार्ग पर वर्षों से बनी समस्या, राहगीरों और स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी

कासगंज/सोरों। (सचिन उपाध्याय)नगर पालिका परिषद सोरों के वार्ड लहरा में डिग्लिस नगर जाने वाले मार्ग पर वर्षों से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। इससे क्षेत्र के लोगों, महिलाओं, बच्चों तथा राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई न होने तथा जल निकासी व्यवस्था के अभाव में थोड़ी सी बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है। कई स्थानों पर कीचड़ फैल जाने से पैदल चलना मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी हरपाल सिंह ने बताया कि, “इस मार्ग पर कई वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को निकलने में सबसे अधिक परेशानी होती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।”
वहीं प्रेमपाल ने कहा कि, “क्षेत्र के लोग कई बार नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। सड़क पर जमा गंदा पानी और कीचड़ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। प्रशासन को जल्द प्रभावी कदम उठाने चाहिए।”
क्षेत्रवासियों के अनुसार जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन समस्या की जानकारी होने के बावजूद केवल आश्वासन दे रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य दिखाई नहीं दे रहा।
समस्या के समाधान की मांग करने वालों में रमेश, हरपाल, रिंकू, प्रेमपाल, जितेंद्र, मनोज, नन्ने, नंद किशोर, राजीव सहित अन्य क्षेत्रवासी शामिल हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था कर सड़क को जलभराव और कीचड़ से मुक्त कराने की मांग की है।
Author: Soron Live 24

