केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कासगंज में संगोष्ठी, राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हुए सम्मानित

श्री गणेश इंटर कॉलेज में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर हुई चर्चा
कासगंज। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में चलाए जा रहे समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को श्री गणेश इंटर कॉलेज, कासगंज में प्रधानाचार्यों, प्रोफेसरों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 265 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक श्री देवेन्द्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक श्री हरिओम वर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को डायरी, पेन एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
अमांपुर विधायक श्री हरिओम वर्मा ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं राज्य सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल में किसानों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों तथा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सदर विधायक श्री देवेन्द्र सिंह राजपूत ने किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाओं, निःशुल्क कोविड वैक्सीनेशन, सड़क निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति जैसे विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी, एआरपी एवं नोडल शिक्षक संकुल उपस्थित रहे। अंत में मुख्य विकास अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
ग्राम/बस्ती चलो अभियान के लिए जारी हुए दिशा-निर्देश
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद कासगंज में ग्राम/बस्ती चलो अभियान के सफल संचालन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी श्री वीरेन्द्र सिंह ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा, जनचौपाल एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए। अधिकारियों को कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समय से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Author: Soron Live 24

