हजारा नहर में दर्दनाक हादसा: तीन सगे भाई लापता, एक युवक को बचाया गया

हजारा नहर में दर्दनाक हादसा: तीन सगे भाई लापता, एक युवक को बचाया गया

कासगंज। जनपद कासगंज के हजारा नहर स्थित झाल पुल पर स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव टिकरी कला निवासी चार युवक नहर में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आ गए। पीएसी के गोताखोरों ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि तीन सगे भाई लापता हो गए। देर शाम तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।

जानकारी के अनुसार गांव टिकरी कला निवासी चार युवक हजारा नहर पर स्नान करने पहुंचे थे। नहर में उतरते ही वे गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और पीएसी की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।

पीएसी के प्रशिक्षित गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर 24 वर्षीय सुमित पुत्र रामसिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वहीं 27 वर्षीय जयप्रकाश, 24 वर्षीय अजय और 22 वर्षीय हरेंद्र उर्फ छोटू, पुत्र स्वर्गीय डालचंद्र निवासी टिकरी कला, थाना सिकंदराराऊ (हाथरस) नहर में लापता हो गए। तीनों युवक आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पीएसी के गोताखोर लगातार अभियान चला रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने बेटों की सलामती की उम्मीद में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

हेड कांस्टेबल एवं पीएसी गोताखोर भुल्लन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन युवकों की तलाश जारी है। डेढ़ सेक्शन पीएसी के गोताखोर रेस्क्यू अभियान में लगे हुए हैं।

फिलहाल प्रशासन और पीएसी की टीमें नहर में लापता युवकों की तलाश में जुटी हैं। परिजनों समेत पूरे क्षेत्र की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।

Soron Live 24
Author: Soron Live 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *