2027 चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

मानपुर नगरिया (कासगंज)। भारतीय जनता पार्टी नगरिया मंडल की मासिक बैठक गन्ना समिति कार्यालय, मानपुर नगरिया में मंडल अध्यक्ष मनोज चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक हरिओम वर्मा एवं अन्य अतिथियों ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक हरिओम वर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने सुशासन के माध्यम से भय, भूख और भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण प्रदान किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंडल प्रभारी संजय पुंढीर ने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति एवं अनुशासन का पालन करते हुए कार्य करने की अपील की। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बृजेन्द्र सिंह गौर ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसके नेतृत्व में देश व प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हैं।
मंडल मंत्री विक्रम राजपूत ने कविता के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
मंडल अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनसमर्थन के बल पर प्रदेश में पुनः भाजपा सरकार बनेगी।
बैठक का संचालन मंडल मंत्री कर्मवीर सोलंकी ने किया। इस दौरान विधायक हरिओम वर्मा ने कार्यकर्ताओं को पटका पहनाकर तथा डायरी व कलम भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रह्मानंद सोलंकी, दिनेश सोलंकी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत चौहान, रामप्रताप सोलंकी, मंडल महामंत्री राजकुमार कश्यप एवं देवेंद्र पचौरी, अभय प्रताप सोलंकी, जितेंद्र मौर्य, धीर सिंह राठौर, जयकुमार वर्मा, अतुल सोलंकी, प्रेम साहू, रवि दिवाकर, किशोर चौहान, रामवीर बघेल, ओम सिंह सागर, मनोज राघव, रवि चोपड़ा, अंकित मिश्रा, राजकुमार यादव, दुष्यंत चौहान, रामबहादुर, हिम्मत सिंह राजपूत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजपाल सिंह, नाहर सिंह सोलंकी, जितेंद्र पाल, सत्यवीर कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Soron Live 24

